मुनि श्री भाव सागर के चातुर्मास की तैयारियां तेज

आयोजकों ने कार्यक्रम में पहुंचने को थानाध्यक्ष को सौंपा निमंत्रण पत्र

जसवंतनगर,इटावा। परम पूज्य मुनि श्री 108 भाव सागर जी महाराज (ससंघ) के चातुर्मास- 2026 के तहत आगामी दो अगस्त को प्रस्तावित नगर प्रवेश को लेकर सकल दिगंबर जैन समाज में उत्साह चरम पर है। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चातुर्मास प्रबंध समिति पिछले कई महीनों से तैयारियों में जुटी है।

इसी क्रम में समिति के अध्यक्ष रोहित जैन, महामंत्री आशीष जैन, कोषाध्यक्ष विवेक जैन, उपाध्यक्ष एकांश जैन, सहमंत्री प्रखर जैन, सह-कोषाध्यक्ष मोहित जैन एवं संरक्षक अंकुर जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने थानाध्यक्ष कमल भाटी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें गुरुदेव के नगर प्रवेश एवं कलश स्थापना समारोह का निमंत्रण पत्र सौंपा। इस अवसर पर थानाध्यक्ष का पटका पहनाकर सम्मान भी किया गया।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुदेव के नगर प्रवेश तथा पिंक बूथ पर होने वाले मंगलमय उद्बोधन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया गया। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने आयोजन के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

समिति के अनुसार मुनि श्री 108 भाव सागर जी महाराज लगभग 900 किलो मीटर का पदविहार कर रांची से जसवंतनगर पहुंच रहे हैं। गुरुदेव के ऐतिहासिक आगमन को लेकर नगर में जगह-जगह स्वागत द्वार,भव्य टेंट, पाद-प्रक्षालन स्थलों और आकर्षक सजावट की तैयारियां की जा रही हैं। जैन समाज आयोजन को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाने के लिए पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button