कंपोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर में धूमधाम से हुआ त्रिवेणी समारोह का आयोजन

सुल्तानपुर – शिक्षा क्षेत्र बल्दीराय के कंपोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर में हर्षोल्लास के साथ वार्षिकोत्सव, प्रवेश उत्सव व विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा एक में प्रवेश लेने वाले बच्चों के साथ-साथ सभी बच्चों का तिलक लगाकर व पुष्प वर्षा कर शिक्षकों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाध्यापक अशोक कुमार दुबे द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व वंदना कर किया गया।

छात्रों की प्रतिभा को मंच देने के लिए विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सत्र भर की उपलब्धियों को देखते हुए मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया। तत्पश्चात प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार वर्मा के कर कमलों द्वारा नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण का शुभारंभ किया गया। पुस्तक पाकर सभी बच्चों के चेहरे खिल उठे। कक्षा 8 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को विदाई दी गई, जहाँ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षक, रसोईया व बच्चों सहित अधिक संख्या में अभिभावकगण मौजूद रहे।छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक अशोक कुमार दुबे ने कहा कि हमारे शिक्षक गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

पहले वार्षिक उत्सव, विदाई समारोह, प्रवेश उत्सव जैसे कार्यक्रम सिर्फ प्राइवेट स्कूलों में देखे जाते थे, लेकिन परिषदीय विद्यालयों में इस तरह का कार्यक्रम बहुत ही सराहनीय है। अब अभिभावकों को भी अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेज कर उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए बच्चों की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की। इन आयोजनों के पीछे सरकार की मंशा है कि बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि जगाना, आत्मविश्वास बढ़ाना और विद्यालय को एक आनंदमयी स्थल के रूप में स्थापित करना है।

बच्चे हमारे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें बेहतर शिक्षा देने का कार्य विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया जाता है। सभी अभिभावक बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों। विद्यालय में अपने बच्चों का नामांकन कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने का पुनीत कार्य करें। सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। 06 से 14 आयुवर्ग का कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस कार्य में आप सभी का अमूल्य सहयोग अति आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button