यमुना किनारे झाड़ियों में फंसा मिला महिला का शव

पथरी बाबा मंदिर के पास नदी में दिखा शव, गोताखोरों ने निकाला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जसोहन में स्थित पथरी बाबा मंदिर के पास यमुना नदी में रविवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना ट्वीट के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद सीओ आयुषी सिंह थानाध्यक्ष कमल भाटी फोरेंसिक टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम पंचायत जसोहन में पथरी बाबा मंदिर के समीप यमुना नदी में एक महिला का शव झाड़ियों में फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। वहां एक अज्ञात महिला का शव यमुना नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला।

पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों और तैराकों को बुलाकर सावधानीपूर्वक शव को नदी से बाहर निकलवाया। महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने जसोहन सहित आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button