घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट
आरोप: किशोरी के सिर पर हमला,लगे दो टांके

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली अन्तर्गत ग्राम नगला बांके मौजा जौनई के एक घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में 17 वर्षीय किशोरी कु.वर्षा के सिर में चोट लगने से चिकित्स्कों ने इलाज के दौरान दो टांके लगाए गए हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम नगला बांके मौजा जौनई निवासी नाहर सिंह के पुत्र उमेश, सुरेश व दिनेश सहित परिवार के लोग घर पर सुबह करीब नौ बजे मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की गई।
घटना के दौरान 17 वर्षीय किशोरी वर्षा के सिर पर हमला होने से गंभीर चोट आई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसके सिर में दो टांके लगाए। किशोरी की मेडिकल रिपोर्ट पुलिस विभाग को सौंपे जाने की बात पीड़ित पक्ष ने बताई है।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी l



