अंतरजनपदीय गैंग के 11 शातिर गिरफ्तार
नए साल में पुलिस का बड़ा प्रहार,वाहन चोर गिरोह ने टेके घुटने

इटावा। नए साल के पहले ही दिन इटावा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। थाना सैफई पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 11 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 13 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक इंजन, अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह सैफई पीजीआई मेडिकल कॉलेज परिसर की वाहन पार्किंग सहित आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपी पहले बाइक चोरी करते थे, फिर उनके पार्ट्स बदलकर अलग-अलग जगहों पर बेच देते थे, जिससे चोरी के वाहनों की पहचान मुश्किल हो जाती थी।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर की गई दबिश में गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार अभियुक्त
सोनू यादव उर्फ इन्द्रपाल सिंह, गुलशन उर्फ गुल्ला, दीपक यादव उर्फ छोटू, नन्दनी यादव, अमित, अभिषेक यादव उर्फ गोलू, शिवा मिस्त्री,हिमांशु यादव, अनुज यादव, संदीप कटेरिया और रामबाबू यादव उर्फ सोनू आदि अधिकांश अभियुक्त मैनपुरी व इटावा जनपद के निवासी हैं।
बड़ी सफलता हासिल करने वाली थाना सैफई पुलिस टीम को एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने 25 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए साल में अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।



