ट्रैक्टर-थ्रेसर चालक ने बच्चों को कुचला एक की मौत, चार घायल

इटावा। सोमवार सुबह जनपद में दर्दनाक हादसा उस समय हो गया, जब शराब के नशे में धुत एक ट्रैक्टर-थ्रेसर चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए डीएफसी रेलवे पुल के पास ट्रैक्टर को पुलिया में भिड़ा दिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर से जुड़ा थ्रेसर टूटकर पास से गुजर रहे बच्चों पर जा गिरा। थ्रेसर के नीचे दबकर 12 वर्षीय कुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी एक किशोरी ने बताया कि चालक शराब के नशे में था और बच्चों को धमकाते हुए तेज गति से ट्रैक्टर चलाने लगा। पुलिया पर ट्रैक्टर बेकाबू होकर टकराया और थ्रेसर बच्चों पर जा गिरा।
किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद उसे और उसके पिता को धमकाकर चुप रहने की चेतावनी भी दी गई। जानकारी के अनुसार मृतक कुश (12) पुत्र अरविंद कक्षा 6 का छात्र था। वह अपने भाई लव और गांव के अन्य बच्चों के साथ खेत से घर लौट रहा था।
इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने नशे की हालत में ट्रैक्टर-थ्रेसर लेकर उनकी ओर तेजी से वाहन बढ़ाया और पुलिया में टकरा गया, जिससे कुश समेत पांच बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में कुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय आकाश पुत्र राजवीर, 10 वर्षीय रोहित पुत्र राजवीर और 15 वर्षीय शिवा पुत्र विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि चालक ने जानबूझकर ट्रैक्टर बच्चों की ओर मोड़ा और बाद में उन्हें धमकाया भी। मृतक के चाचा गुलशन ने बताया कि चालक नशे की हालत में था और बच्चों पर चढ़ाने का प्रयास किया, तभी ट्रैक्टर पुलिया से टकराया और थ्रेसर टूटकर बच्चों पर गिर गया।
थाना इकदिल पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक फरार है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर पूरे मामले की जांच की जाएगी।



