रेलवे अंडरपास गड्ढों में जल भराव: राहगीर परेशान

भरथना,इटावा। भरथना विकास खण्ड क्षेत्र के कुंअरा-पीपरीपुर मार्ग पर रेलवे अंडरपास के दोनों ओर बने बड़े-बड़े गड्ढे बारिश के बाद लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता,जिससे साइकिल और बाइक सवारों के फिसलने का खतरा बना रहता है। मार्ग पर फैली कीचड़ के कारण पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। सुबह के समय बच्चों को जलभराव और कीचड़ के बीच होकर स्कूल जाना पड़ता है। वहीं किसान, मजदूर और अन्य ग्रामीणों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीण आशीष कुमार आदि ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र गड्ढों की मरम्मत कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button