पॉक्सो अधिनियम के प्रति किया जागरूक

बाल यौन अपराध से बचाव,अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान-कानूनी अधिकारों की दी गईं जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत राजमार्ग पर स्थित ग्राम डुढहा के पास में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य वेदपाठी तिवारी ने की। मुख्य वक्ता एससी व एसटी न्यायालय के न्यायाधीश संजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण की जानकारी दी।

उन्होंने बच्चों को बाल यौन अपराधों से बचाव, अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान तथा किसी भी अनुचित घटना की जानकारी तत्काल परिजनों या संबंधित अधिकारियों को देने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और कानून से मिलने वाले संरक्षण की जानकारी होना जरूरी है।

कार्यक्रम में कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम,बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा के महत्व पर भी जानकारी दी गई। अधिकार मित्र श्याम ने भी विद्यार्थियों को विधिक सेवाओं और बच्चों के अधिकारों के बारे में बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button