खो-खो में धनुआं, हिंदू विद्यालय का दबदबा

खो-खो प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग धनुआं, बालिका वर्ग में हिंदू विद्यालय ने मारी बाजी

जसवंतनगर,इटावा। हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में मंगलवार को जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। स्कूल प्रबंधक राहुल गुप्ता ने टीमों के बीच टॉस कराकर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई।

जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे जोश के साथ मुकाबलों में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग में राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज धनुआं की टीम ने हिंदू विद्यालय की टीम को 8-4 से हराकर जीत दर्ज की। सीनियर बालिका वर्ग में हिंदू विद्यालय ने धनुआं की टीम को 7-6 से पराजित किया। जूनियर बालक वर्ग में धनुआं की टीम ने हिंदू विद्यालय को 16-10 से शिकस्त दी। जूनियर बालिका वर्ग में भी धनुआं की टीम ने हिंदू विद्यालय को 3-2 से हराकर बाजी मारी।

सब जूनियर बालक वर्ग में चौधरी सुगर सिंह की टीम ने हिंदू विद्यालय को 13-8 से पराजित किया। वहीं, सब जूनियर बालिका वर्ग में हिंदू विद्यालय की टीम ने सिसहाट की टीम को 18-0 के बड़े अंतर से हराया।समापन के अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद यादव ने खिलाड़ियों को मैडल और प्रमाण पत्र प्रदान किये।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका कौशलेंद्र यादव, इंद्रपाल सिंह, लालू यादव और धर्मेंद्र कुमार ने निभाई। क्रीड़ा सचिव हिमांशु यादव के अलावा श्याम सिंह, अनिल कुमार, जगदीश गौतम, विमल कुमार, मनोज यादव, सर्वेश कुमार और गिरीश कुमार मौजूद रहे। मेजबान हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताया।

Related Articles

Back to top button