वंदे मातरम् उद्घोषों से गूँजा कॉलेज परिसर

इटावा। आजादी के मतवालों के हृदय में उत्कट देशभक्ति की भावना जगाने वाले राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की अमर ध्वनि सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में फिर से गूँज उठी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक स्वर में वंदे मातरम् का भावपूर्ण गायन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इटावा सदर की भाजपा विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया उपस्थित रहीं। उन्होंने वंदे मातरम् गीत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गीत केवल राष्ट्रीय भावना का प्रतीक ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों के भीतर संघर्ष और साहस पैदा करने वाली प्रेरक शक्ति रहा है। उन्होंने छात्रों को राष्ट्रहित के लिए सदैव जागरूक और कर्तव्यनिष्ठ रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने भी छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय स्वाधीनता आंदोलन की आत्मा था, जिसने देश के हर वर्ग में राष्ट्रीय चेतना जगाई। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को उल्लास और गौरव से भर दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों द्वारा किया गया। शुभ्रांत कुमार शुक्ला, जिलाधिकारी इटावा ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, यह भारतीय स्वाधीनता संघर्ष की ऊर्जा है। नई पीढ़ी को इस ऊर्जा को अपनी प्रेरणा बनाना चाहिए। सरिता भदौरिया, भाजपा विधायक सदर इटावा ने कहा राष्ट्रगीत हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है। इसकी भावना हमें मातृभूमि के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलाती है।



