दलित प्रोफेसर आनंद तेलदुंबड़े मुंबई से गिरफ्तार

भीमा कोरेगांव मामले में पुलिस ने दलित प्रोफेसर आनंद तेलदुंबड़े को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को तेलदुंबडे की अग्रिम जमानत अर्जी पुणे की एक विशेष कोर्ट से खारिज हो गई थी। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है। आनंद तेलतुंबड़े पर नक्सलियों के संपर्क में रहने का आरोप लगा है।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट से इस मामला में आनंद तेलतुंबड़े के खिलाफ प्राथमिकी को रद्द करने की मांग वाली याचिका भी खारिज हो गई थी। आनंद तेलतुंबड़े गोवा इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में पढ़ाते हैं।

बीते साल 28 अगस्त, 2018 को भीमा कोरेगांव हिंसा मामले की जांच कर रही पुणे पुलिस ने 7 लोगों के घरों पर छापेमारी की थी।इसमें आनंद तेलतुंबड़े भी शामिल थे। जिन लोगों के घरों पर छापेमारी की गई थी, उनमें सुधा भारद्वाज, पी वरवारा राव, वर्नन गोंजाल्विस और अरुण परेरा अभी भी पुलिस हिरासत में हैं। पुणे पुलिस ने पिछले साल सभी लोगों को गिरफ्तार किया था। सभी पर नक्सलियों से संपर्क में रहने का आरोप है।

1 जनवरी, 2018 को महाराष्ट्र के भीमा कोरेगांव में बड़े पैमाने पर जातीय हिंसा फैली थी। इस मामले की जांच पुणे पुलिस कर रही है। इसी सिलसिले में 28 अगस्त, 2018 को इन सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button