एसपीएस ग्लोबल स्कूल की बेटियों का कमाल: जीता सिल्वर मेडल
सीबीएसई क्लस्टर-4 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में फाइनल तक पहुंचकर रचा इतिहास:खिलाड़ियों को मिला सम्मान

जसवंतनगर,इटावा। राजमार्ग स्थित एसपीएस ग्लोबल स्कूल की अंडर-14 बालिका वॉलीबॉल टीम ने सीबीएसई क्लस्टर-4 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। लखीमपुर खीरी में आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और इतिहास रच दिया।
फाइनल मुकाबले में एसपीएस ग्लोबल स्कूल की टीम ने कड़ा संघर्ष किया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। टीम की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
कप्तान अनुष्का यादव के नेतृत्व में छवि, आरोही, शिवन्या, प्रतिभा, स्वाति सिंह, नव्या, अनुष्का, दिव्यांशी, जेनिश, वैष्णवी और कनिष्का ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। टीम को इस मुकाम तक पहुंचाने में कोच लालू यादव और टीम मैनेजर श्रद्धा कुशवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के डायरेक्टर विश्वनाथ प्रताप उर्फ सोनू ने सभी खिलाड़ियों, कोच और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय की टीम भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएगी वहीँविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. भास्कर शर्मा ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और टीम भावना के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।



