मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दी बड़ी सौगात

लखनऊ.मिशन शक्ति” के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की महिलाओं  को एक बड़ी सौगात दी है। ग्रामीण अंचल की निर्धन महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीविका मिशन के तहत रोजगार प्रदान किये जायेंगे।

आज इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की तरफ से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं बैंकों के मध्य साझेदारी तथा प्रदेश के 50665 स्वयं सहायता समूहों को 607 करोड़ बैंक क्रेडिट लिंकेज का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह ‘मोती सिंह‘ ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन प्रदेश के सभी 75 जनपदों में ग्रामीण क्षेत्रों के 48 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को 4.54 लाख स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सामाजिक एवं वित्तीय समावेशन द्वारा रोजगार सृजन करते हुए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है।

इस मौके पर बैंकों से स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाली विभिन्न सेवाओं जैसे समूहों का बैंक खाता खोलना, समूहों को ऋण प्रदान करना इत्यादि गतिविधियों को तीव्र गति से संचालित किये जाने हेतु मिशन एवं 8 पब्लिक सेक्टर के बैंको तथा 3 क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के मध्य अनुबन्ध हस्ताक्षरित किया गया। इसके अतिरिक्त 50,665 स्वंय सहायता समूहों के 5 लाख परिवारों को 607 करोड़ का बैंक ऋण दिया गया।

आनलाइन खाता खोलने संबंधी पोर्टल का उद्घाटन

ग्राम्य विकास मंत्री ने इस मौके पर आनलाइन खाता खोलने संबंधी पोर्टल का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश हिन्दुस्तान का पहला राज्य है, जिसने खाता खोलने की आनलाइन व्यवस्था की है। वह दिन दूर नहीं, जब अपना प्रदेश देश के सभी राज्यों में सर्वश्रेष्ठ होगा।

ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप मिशन की उपलब्धियों पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश में 48 लाख से अधिक ग्रामीण क्षेत्र की निर्धन परिवारों को एक सशक्त ढांचागत संस्था के रूप में 4.54 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों, 20100 ग्राम संगठनो एवं 1010 संकुल स्तरीय संघो के माध्यम से आच्छादन किया जा चुका है, जो की गरीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आगामी दिनों में हम सब इसी प्रकार नवीन उर्जा एवं समर्पण, बेहतर समन्वय के साथ प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के सबका साथ सबका विकास, समानता एवं अन्त्योदय के लक्ष्य को हासिल करेंगे।

अपर मुख्य सचिव, ग्राम्य विकास मनोज कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि प्रदेश सरकार की दूरगामी निर्णयों एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्ग दर्शन से ग्राम स्तर पर आजीविका मिशन द्वारा सूक्ष्म वित्त एवं वित्तीय सेवाओं को गति प्रदान करने की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को सुगम, ससमय, त्वरित एवं सहज बनाने और महिला स्वावलंबन द्वारा प्रदेश की सभी 58000 ग्राम पंचायतो में एक पंचायत-एक बीसी सखी की पदस्थापना सम्बन्धित कार्य प्रारंभ किया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button