मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने थामा कांगेस का दामन

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल : शुक्रवार को चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस इकाई के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने कांग्रेस का दामन थामा। इस दौरान चरणजीत सिंह चन्नी ने कांग्रेस में मूसेवाला का स्वागत करते हुए उनको युवाओं में काफी लोकप्रिय बताया। कांग्रेस में शामिल हुए मूसेवाला अपने गानों के जरिए विवादों में भी रह चुके हैं। साथ ही उनपर गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप भी लग चुका है।कांग्रेस में शामिल होने के बाद पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने कहा कि पंजाबियों की आवाज उठाने के लिए ही वे पार्टी में शामिल हुए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ही जीत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि मैं किसी पद के लिए राजनीति में नहीं आया हूं। सिस्टम को ठीक करने के लिए इसका हिस्सा बनना जरुरी है इसलिए मैं कांग्रेस में शामिल होकर अपनी आवाज उठाऊंगा।

इस दौरान पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि मूसेवाला एक अंतरराष्ट्रीय शख्सियत और युवाओं के आइकन हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब ये कयास भी लगाए जा रहे हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मूसेवाला को चुनावी मैदान में भी उतार सकती है।

 

सिद्धू मूसेवाला कई बार विवादों में भी रह चुके हैं। उनपर संजू गाने के जरिए गन कल्चर और हथियारों को बढ़ावा देने का आरोप भी लग चुका है। इसके अलावा उनके ही एक और गीत बाई-बाई में भी गन कल्चर का महिमामंडन करने को लेकर शिकायत दर्ज की गई थी। इतना ही नहीं उनपर कोरोना कर्फ्यू के दौरान बरनाला के शूटिंग रेंज में एके-47 से गोली चलाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि इस मामले में सिद्धू मूसेवाला को अदालत से जमानत मिल चुकी है।

मूल रूप से पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू है। उनकी मां कांग्रेस के टिकट पर ही सरपंच चुनी गई हैं। सिद्धू मूसेवाला का परिवार पूरी तरह से कांग्रेसी है। पहले भी राजनीति में आने की इच्छा जता चुके सिद्धू मूसेवाला पंजाब सरकार में मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के जरिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

Related Articles

Back to top button