प्रियंका गांधी 23 अक्टूबर को कानपुर में करेंगी रैली

प्रियंका गांधी

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल :  कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आगामी 23 अक्टूबर को कानपुर में रैली करेंगी। उनके दूत राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी और तौकीर आलम ने रैली के लिए कई मैदानों का निरीक्षण किया। फिर तिलक हॉल में बैठक कर कांग्रेसियों को कमर कसने का सुझाव दिया।

 

प्रियंका यूपी में 12 हजार किलोमीटर की यात्रा कर चुनावी तैयारी की शुरुआत करेंगी। उसी कड़ी में यूपी में होने वाली पांच रैलियों में कानपुर को भी शामिल किया गया है। दोनों सचिवों ने रविवार को पहले जीआईसी, फिर हलीम कॉलेज मैदान, निराला नगर मैदान और सेन्ट्रल पार्क शास्त्री नगर का अवलोकन किया। अभी रैली के लिए मैदान फाइनल नहीं हुआ है लेकिन सेन्ट्रल पार्क को रैली के लिए उपयुक्त माना गया है। दक्षिण कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित का कहना है कि 23 को प्रियंका की रैली संभावित है। जगह देखी गई है।

 

 

इसके बाद सचिवों ने तिलक हॉल में पहले वार्ड और शहर के पदाधिकारियों से मंत्रणा की। फिर वरिष्ठों से वार्ता के बाद पुराने नेताओं से चर्चा की। सभी को एक ही संदेश दिया गया है कि पार्टी को आगे ले जाने के लिए एकजुट होना होगा।

 

इसी बैठक के दौरान युवा कांग्रेसियों अभिनव तिवारी और गौरव में विवाद हो गया। बाद में तिलक हॉल के बाहर नरेश त्रिपाठी ने हस्तक्षेप किया तो दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। युवा कांग्रेसियों में कहासुनी के साथ धक्का-मुक्की के हालात पैदा हो गए। वरिष्ठता और कनिष्ठता तार-तार होने लगी तो नरेश अपने भतीजे गौरव को लेकर चले गए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button