प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान, महिलाओं के लिए आज घोषणापत्र जारी करेगी कांग्रेस

स्टार एक्सप्रेस : प्रियंका गांधी आज लखनऊ स्थिति पार्टी मुख्‍यालय से महिलाओं के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करेंगी। यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस महिलाओं पर लगातार फोकस कर रही है। कांग्रेस महासचिव ने इन चुनावों में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान किया था। उम्‍मीद की जा रही है कि आज जारी होने वाले घोषणा पत्र में भी कांग्रेस महिलाओं के लिए कुछ बड़े ऐलान कर सकती है।

महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रियंका गांधी लगातार मुखर रही हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी ने दो घोषणापत्र जारी करने का निर्णय लिया है। इनमें से एक महिलाओं पर केंद्रित होगा तो दूसरा समग्र घोषणापत्र होगा। प्रियंका गांधी 40 प्रतिशत टिकटों के अलावा भी महिलाओं के लिए प्रतिज्ञा के रूप में कई घोषणाएं कर चुकी हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के महिला घोषणापत्र में अब तक की गईं प्रतिज्ञाओं के अलावा कुछ नई घोषणाएं होंगी। पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए दावा किया कि पार्टी का महिला घोषणा पत्र महिला सशक्तीकरण की राह में मील का पत्थर साबित होगा।

चुनावी रणनीति की समीक्षा की
इसके पहले पिछले दो दिन प्रियंका गांधी ने कांग्रेस मुख्‍यालय पर चुनावी रणनीति की तैयारियों की समीक्षा में बिताए। उन्होंने इलेक्शन स्ट्रेटजी कमेटी व चार्जशीट कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक में उन्होंने सपा, बसपा समेत भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता से किए गए वायदों की समीक्षा की।दोनों बैठकों में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना व कांर्ग्रेस सचिव धीरज गुर्जर, रोहित चौधरी, प्रदीप नरवाल, बाजीराव खाड़े व तौकीर आलम मौजूद रहे। पार्टी प्रवक्ता डा. उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति, कार्यक्रम एवं उनके समयबद्ध क्रियान्वयन से सम्बंधित सभी महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई।

Related Articles

Back to top button