अक्तूबर से इन पांच जिलों मे कांग्रेस निकालेगी प्रतिज्ञा यात्रा, जानें किन नेताओं को मिलेगी कौन सी जिम्मेदारी

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल  : कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी अपने यूपी दौरे के दूसरे दिन भी कौल हाउस से बाहर नहीं आई और यहीं पर कई बैठकें कर आगे की रणनीति तय की। बैठकों में पांच प्रतिज्ञा यात्राओं के रूटमैप पर मंथन किया गया। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत हो सकती है। बुधवार को लखनऊ मंडल के पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकती हैं।

देर रात तक चुनावी रणनीति और अभियानों पर चर्चा चली। इन बैठकों में यूपी सहप्रभारी धीरज गुर्जर, सचिन नाइक, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्र मोना और अन्य नेता मौजूद रहे। यात्रा में पांच यात्राओं के लिए रूटमैप तय किया गया।

प्रियंका गांधी के पिछले दौरे पर यात्राएं निकालने पर निर्णय लिया गया था। ये यात्राएं अयोध्या से गोरखपुर-बनारस, आगरा से बलरामपुर, झांसी से लखनऊ, सहारनपुर से मेरठ-लखनऊ और प्रयागराज से कानपुर तक निकाली जाएंगी। इसके अलावा 100 विधानसभाओं में स्थापित होने वाले वाररूम की तैयारियों को भी परखा गया।

इन यात्राओं का जिम्मा पांच से आठ नेताओं की टीम को दिया जाएगा। इन नेताओं के नाम उस क्षेत्र की जातिगत समीकरणों को देखते हुए तय किए जाएंगे। इन यात्राओं के बीच में जनसभाओं का आयोजन भी होगा और इनमें प्रियंका गांधी मौजूद रहेंगी।

झांसी से निकलने वाली यात्रा का जिम्मा प्रदीप आदित्य जैन, सहारनपुर से निकलने वाली यात्रा का जिम्मा नसीमुद्दीन सिद्दीकी को दिया जा सकता है। इसके साथ ही वरिष्ठ नेताओं प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, राजेश मिश्र, राजा रामपाल, भगवती चौधरी आदि को भी इन यात्राओं का जिम्मा सौंपा जाएगा। आखिरी जनसभा का आयोजन लखनऊ में किया जाएगा। माना जा रहा है कि 19 नवंबर को इंदिरा गांधी की जयंती पर लखनऊ में जनसभा की जा सकती है।

प्रियंका गांधी के प्रदेश मुख्यालय पर पहुंचने की अटकले लगाई जाती रहीं। कई नेता यहां से कौल हाउस तक टिकट पाने की जुगत में चक्कर लगाते नजर आए। कौल हाउस के बाहर सुरक्षा कर्मियों के कारण उनका अंदर जाना संभव नहीं हुआ तो वे वापस मुख्यालय पर प्रतीक्षा करते नजर आए। शाम पांच बजे तक न आने पर ही यहां भीड़ छंटी।

Related Articles

Back to top button