ट्रक चेसिस की टक्कर से स्कूटी सवार दो घायल

टक्कर के बाद ट्रक चेसिस में फंसी स्कूटी को आधा किमी से अधिक दूर तक खींचता ले गया चालक

जसवंतनगर,इटावा। शनिवार रात करीब नौ बजे मॉडल तहसील के पास हाईवे पर ट्रक चेसिसऔर स्कूटी की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक स्कूटी से उछलकर दूर जा गिरे, जबकि स्कूटी ट्रक चेसिस में फंस गई। चेसिस चालक फंसी स्कूटी को करीब आधा किलोमीटर से अधिक दूर तक घसीट कर ले गया चेसिस आगरा से इटावा की ओर जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने उनका उपचार किया। घायलों की पहचान रचित पुत्र जगदीश निवासी शंकर गार्डन, बहादुरगढ़, जिला झज्जर (हरियाणा) और उसके पड़ोसी व दोस्त मोहित पुत्र सत्यवीर शर्मा के रूप में हुई है।

बताया गया कि रचित वर्तमान में नगर के रेलमंडी क्षेत्र के पास स्थित डाक विभाग के परिसर में रह रहा है। शनिवार रात रचित अपने दोस्त मोहित के साथ स्कूटी से खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान मॉडल तहसील के सामने हाईवे पर आ रहे ट्रक चेसिस ने स्कूटी में टक्कर मार दी । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल ट्रक चेसिस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

Related Articles

Back to top button