नगर निगम के खिलाफ व्यापारियों का धरना नौवें दिन भी जारी, कल मौन उपवास का ऐलान

गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद के खिलाफ व्यापारियों का धरना प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी रहा। व्यापारियों का कहना है कि लगातार धरना देने के बावजूद नगर निगम की ओर से उनकी मांगों के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके चलते व्यापारियों ने अब सत्याग्रह आंदोलन की तर्ज पर मौन उपवास करने का निर्णय लिया है।

व्यापारियों ने बताया कि 2 अक्टूबर को सभी व्यापारी मौन उपवास और मौन आंदोलन करेंगे। इस दौरान व्यापारी मुंह और हाथ पर काली पट्टी बांधकर धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे। व्यापारियों का कहना है कि उनकी मांगें उचित हैं और नगर निगम को उनका समाधान जल्द करना चाहिए।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में व्यापारी भूख हड़ताल और आमरण अनशन जैसे कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। आत्मदाह का भी उल्लेख करते हुए व्यापारियों ने इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त और संबंधित अधिकारियों की होने की बात कही।

धरने में महेश मित्तल, अजय गर्ग, अरविंद गौतम, विक्की जैन, हार्दिक गर्ग, देवेंद्र गुप्ता, भारत बजाज, बिट्टू, विनोद चौधरी, मूलचंद गर्ग, सोनू, पंकज जैन, रिहान और कपिल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button