आरकेजीआईटी में जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट का शुभारंभ, 1200 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) में गुरुवार को डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन में गाजियाबाद जोन के करीब 20 महाविद्यालयों के 1200 से अधिक विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना, कुलगीत, मशाल प्रज्वलन और खिलाड़ियों के मार्च पास्ट के साथ संपन्न हुआ। जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट कोऑर्डिनेटर आलोक त्यागी ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि डीन स्टूडेंट वेलफेयर एचजी गर्ग ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई।
संस्थान के निदेशक डॉ. बीसी शर्मा, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. डीके चौहान और ग्रुप एडवाइजर डॉ. लक्ष्मण प्रसाद ने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। मुख्य अतिथि पूर्व बीएसएफ डीआईजी केएस सूद ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्हें वीरता के लिए राष्ट्रपति गैलेंट्री मेडल मिल चुका है तथा एवरेस्ट बेस कैंप और अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेकिंग के लिए विश्व रिकॉर्ड बनाने का गौरव भी प्राप्त है।
महोत्सव में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। फाइनल मुकाबले 20 नवंबर को होंगे, इसी दिन पुरस्कार वितरण के साथ समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।



