‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया ज्ञान
भरथना क्षेत्र के 14 विद्यालयों में सम्पन्न कराई गई प्रतियोगिता

भरथना,इटावा। भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा भरथना की ओर से सोमवार को अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का आयोजन शाखा से जुड़े 14 विद्यालयों में कराया गया। लिखित परीक्षा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति,इतिहास, परंपराओं और राष्ट्र से जुड़े विषयों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए परिषद के करीब 40 सदस्यों ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर जिम्मेदारी संभाली। परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक परिषद सदस्यों ने व्यवस्थाओं पर नजर रखी और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराई।
शाखा अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सचिव ने भी परीक्षा के दौरान सभी 14 विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
शाखा पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले परिषद सदस्यों, विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्यों,शिक्षकगण और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को देश की संस्कृति,इतिहास और गौरवशाली परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है।



