वाहन की टक्कर में बाइक सवार एक की मौके पर मौत: दो घायल

अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर

भरथना,इटावा। पाली मार्ग पर रविवार की रात करीब दस बजे एक बाइक पर सवार तीन दोस्तों को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक की मौके पर मौत हो गई। और दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गोपियागंज निवासी 50 वर्षीय विनोद प्रजापति पुत्र सरमन प्रजापति अपने साथी मोतीगंज निवासी प्रदीप पुत्र सुरेश व गिरधारीपुरा निवासी घनश्याम पुत्र भारत सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर पाली गांव से घर की ओर आ रहे थे। तभी पाली मार्ग पर पावर हाउस मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद विनोद को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार तीनों दोस्त पाली खुर्द गांव में बकरी खरीदने के लिए निकले थे। बकरी ना मिलने पर तीनों वापस लौट रहे थे। वहीं मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी होते ही परिजन चीख पुकार करते हुए अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा व दुर्घटना का शिकार हुई बाइक को अपने कब्जे में लिया। विनोद प्रजापति मंडी समिति में पल्लेदारी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।

मृतक के तीन बेटे जिनमें से राहुल तथा मोहित, शादीशुदा है जबकि सूरज अविवाहित है। तीनों बेटे दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। मृतक अपनी पत्नी आशा देवी व एक अविवाहित बेटी मोनिका के साथ गांव में रहता था। दुर्घटना का शिकार हुए अन्य दो साथी भी मंडी समिति में काम करने वाले बताए जा रहे है।

Related Articles

Back to top button