तुम्हारे नेह का इस रूह को एहसास है फिर भी

सुल्तानपुर। स्मृति शेष शिक्षक, संस्कृत व्याकरणाचार्य स्व. राम यज्ञ पांडेय की द्वितीय पुण्यतिथि पर, स्थानीय ग्राम बबुरी अलीगंज बाजार में राम यज्ञ पांडेय सपर्या समिति के तत्वावधान में, वार्षिक सारस्वत समारोह एवं भव्य कवि सम्मेलन 2026 का दिव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मूर्धन्य साहित्यकार डॉ सुशील कुमार पांडेय साहित्येन्दु जी की अध्यक्षता, प्रतिष्ठित साहित्यकार पं. विजय शंकर मिश्र भास्कर के मुख्य आतिथ्य एवं वरेण्य कवि हरि नाथ शुक्ल हरि के सुघड़ संचालन में कवियों ने अनवरत चार घंटे तक स्थानीय जनता एवं सुधी श्रोताओं को बांधे रखा।

अतिथियों के माल्यार्पण, अंग वस्त्रों द्वारा अभिनंदन के पश्चात, छंदकार नरेंद्र शुक्ल ने सरस वाणी वंदना के साथ, “लूट झूठ का जिक्र अभी है जोरों से, कौन नहीं है त्रस्त मुनाफाखोरों से” पढ़कर सामाजिक विसंगतियों पर प्रहार किया। “कवि अमरेश माई शारदा का पुत्र वही, जो कि कायरों में वीरता का भाव भर दे” सुना कर अमरेश ने मंत्र मुग्ध किया। सूर्यमणि ओझा ने ‘हरियाली थी देश में पूज रहे थे लोग’ सुनाकर पर्यावरण संरक्षण की तरफ सबका ध्यान खींचा।

स्मृति शेष पांडेय के व्यक्तित्व कृतित्व को जगदंबा मधुर ने “एक प्याला पी जाऊं, दो प्याला पी जाऊं या मधुशाला पी जाऊं” पढ़कर सबको खूब गुदगुदाया। “भूख ठिठुर कर सो गयी फुटपाथों पर गस्त” द्वारा बागी सुल्तानपुरी ने सामाजिक विसंगतियों को स्वर दिया। डॉ कमलेश भट्ट की हाइकु कविता “फूल खिले हैं तुम्हारी यादों के दीप जले हैं” ने भी खूब तालियां बटोरी। मुख्य अतिथि पं. भास्कर के संस्मरण संग्रह स्मृतियों के अलिंद का विमोचन करतल ध्वनियों के बीच संपन्न हुआ। अध्यक्षीय उद्बोधन के पश्चात, आयोजक स्वामी दयाल पांडेय व संयोजक आचार्य बलभद्र प्रसाद पांडेय द्वारा सभी कवियों, अतिथियों व श्रोताओं का आभार ज्ञापित किया गया।

Related Articles

Back to top button