नशा मुक्त भारत का युवाओ ने लिया संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

जसवंतनगर,इटावा। अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर ग्राम मुहब्बतपुर जसोहन में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माय भारत इटावा की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा के निर्देशन में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं ग्रामीण युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जागरूक जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन माय भारत युवा क्लब के स्वयंसेवकों कु. नीरज एवं ऋषभ पाठक ने किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “स्वस्थ युवा–सशक्त भारत” के संदेश के साथ हुआ।



