जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर निकला मोहम्मदी जुलूस
जुलूस का जगह-जगह पुष्पवर्षा-मिष्ठान वितरण कर हुआ स्वागत

जसवंतनगर,इटावा। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को कस्बे में मोहम्मदी जुलूस अदब और एहतराम के साथ निकाला गया। मौलाना कमालुद्दीन अशरफी की सदारत में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में मोमिन शामिल हुए। नगर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जुलूस के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।
मोहल्ला सराय खाम स्थित मदरसा मिस्बाहुल उलूम से सुबह आठ बजे जुलूस शुरू हुआ। झंडे-बैनर और साउंड सिस्टम से सजे जुलूस में शामिल लोग नारे लगाते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का पुष्पवर्षा और मिष्ठान वितरण कर स्वागत किया।
लुधपुरा मस्जिद के समीप हाजी मो.हनीफ के पुत्रों, हाजी मो.सलीम,सांसद प्रतिनिधि हाजी मो. शमीम उर्फ पप्पू सहित अन्य लोगों ने जुलूस का इस्तकबाल किया। इस दौरान डॉ.ब्रजेश चंद्र यादव,नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, सुभाष गुप्ता, चेयरमैन सत्यनारायण शंखवार,सभासद सुधीर यादव,गोपाल गुप्ता समेत अन्य लोगों का भी स्वागत किया गया।
जुलूस में मौलाना फरहान,हाफिज मो.सईद करहलवी,हाफिज आसिफ चिश्ती,हाफिज उस्मान,अजहर मुल्लाजी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। नगर भ्रमण के बाद जुलूस वापस मदरसा मिस्बाहुल उलूम पहुंचा। यहां मौलाना ने परचमकुशाई और सलाम पढ़ने के बाद देश में अमन,शांति और भाईचारे की दुआ की। इसके साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी,सीओ आयुषी सिंह,थानाध्यक्ष कमल भाटी,कस्बा इंचार्ज हेमंत कुमार,उपनिरीक्षक शिवशंकर सिंह,शुभम वर्मा,यशवीर सिंह,कोमल चौधरी समेत पुलिस बल तैनात रहा।


