नेहरू वर्ल्ड स्कूल में संपन्न हुई युवा संसद “आइडियाज एंड एक्शन”, युवाओं की आवाज़ बनी दिशा परिवर्तन की प्रेरणा

गाज़ियाबाद। नेहरू वर्ल्ड स्कूल में 01 और 02 नवम्बर 2025 को आवाज़ फाउंडेशन के सहयोग से दो दिवसीय युवा संसद “आइडियाज एंड एक्शन” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रणाली की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, विचार-विमर्श की संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा नेतृत्व एवं अभिव्यक्ति कौशल को सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. अरुणाभ सिंह एवं कार्यकारी प्रमुख सुश्री सुसन होम्स ने किया। दोनों ने अपने प्रेरणादायी संदेश में विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने विचारों को रचनात्मक कार्यों में परिवर्तित करने की प्रेरणा दी।
इस आयोजन का संचालन विद्यालय के विद्यार्थी नेतृत्व दल ने किया, जिसमें सेक्रेटरी जनरल श्री कृष्णा नारंग, डेप्युटी सेक्रेटरी जनरल सुश्री अनवी सबरवाल, डायरेक्टर जनरल श्री विश्वम दीक्षित सहित यूएसजी हॉस्पिटैलिटी श्री सक्षम जैन, यूएसजी लॉजिस्टिक्स सुश्री तविशी कौशिक, यूएसजी डेलीगेट अफेयर्स सुश्री साइना शर्मा और यूएसजी मार्केटिंग एवं कल्चरल अफेयर्स सुश्री वर्निका ने अपनी भूमिकाओं का उत्कृष्ट निर्वहन किया।
युवा संसद के अंतर्गत लोकसभा, एआईपीपीएम, एनएचआरसी, यूएनएससी, संविधान सभा, यूएनडीपी और प्रेस जैसी समितियों का गठन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक चर्चा की।
समापन समारोह में विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार वितरित किए गए। प्रधानाचार्या सुश्री मंजुला सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति की सराहना की और युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।



