मेरठ से पीछा, एक्सप्रेसवे पर लूट! थार सवारों से कैश छीनने के मामले में 3 हिरासत में

गाजियाबाद। थाना वेव सिटी क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर थार सवार लोगों से कैश लूटने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 की रात करीब आठ बजे सूचना मिली थी कि मेरठ निवासी गिलमान पुत्र नईमुद्दीन अपने कुछ साथियों के साथ थार गाड़ी में कैश लेकर जा रहे थे। आरोप है कि एक पूर्व नियोजित योजना के तहत मेरठ से ही स्कॉर्पियो सवार लोग उनका पीछा कर रहे थे।
डीएमई पर बदमाशों ने थार को रोककर सवार लोगों को डराया-धमकाया और उनसे कैश छीन लिया। सूचना मिलते ही वेव सिटी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना का पूरा नेटवर्क खंगाला जा रहा है और जल्द ही वारदात का पूर्ण अनावरण किया जाएगा। इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने वीडियो बाइट के जरिए पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।



