सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद लोनिवि ने कराया मानक विहीन पैचवर्क, ग्रामीणों में आक्रोश
सड़क का डामरीकरण कराने की बात कहकर समाधान पत्र पर शिकायतकर्ताओं से करवा लिया हस्ताक्षर

महराजगंज, रायबरेली। हरदोई से मनीराम बाबा की कुटी शिवगढ़ मार्ग में गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही थी। खासकर बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई थी। इस समस्या को लेकर घुरौना के ग्रामीणों द्वारा पिछले दिनों मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद लोनिवि ने पैचवर्क का काम तो शुरू करा दिया लेकिन मानक विहीन काम होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
बताते चलें कि हरदोई से शिवगढ़ मार्ग को जोड़ने वाला मार्ग गड्ढे में तब्दील होने पर करीब छः माह पूर्व विकास खंड क्षेत्र के घुरौना गांव निवासी किशन सिंह, राजाराम, रामकिशोर आदि ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर गड्ढे में तब्दील सड़क की शिकायत की थी।
करीब चार माह पूर्व लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने शिकायतकर्ताओं से बारिश बाद सड़क के डामरीकरण कराने की बात कहते हुए समाधान पत्र पर हस्ताक्षर करवा लिए।
बारिश बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर पैचिंग का काम शुरू तो कराया लेकिन छोटे गड्ढों को छोड़ कर बड़े गड्ढे की मानक विहीन पैचिंग कराने से ग्रामीणों में आक्रोश है!
ग्रामीणों ने बताया कि पैचिंग की गई सड़क दूसरे दिन से ही उखड़नी शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है। सुधार न होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की जाएगी। मामले में लोक निर्माण विभाग के जेई ए के श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है,मानक के अनुरूप कार्य कराया जाएगा।



