हत्यारोपी को दो घंटे में मुठभेड़ के बाद दबोचा

पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता,हत्यारोपी के दोनों पैरों में लगी गोली

बकेवर,इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के महज दो घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के चिकनी गांव में आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर युवक की निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध को घेर लिया, लेकिन उसने पुलिस पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी,जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

मौके से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी,एक डंडा तथा एक अवैध 315 बोर तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके विरुद्ध हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button