नगला घनु में महीनों से जलभराव: ग्रामीणों परेशान
तालाब पर कथित कब्जे से बाधित हुई जलनिकासी, जांच कर समाधान का मिला आश्वासन

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम नगला घनु में पिछले कई माह से जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। गांव के सुघर सिंह के घर से राम गोपाल के घर तक जाने वाले रास्ते पर पानी भरा रहने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान न होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार जलभराव वाले रास्ते से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरने को मजबूर हैं। पानी और कीचड़ के कारण कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर निकलना पड़ रहा है। लंबे समय से पानी जमा रहने से आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। मच्छरों की बढ़ती संख्या से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी ग्रामीणों को सता रहा है।
ग्रामीणों ने समस्या के लिए गांव के तालाब पर कथित अवैध कब्जे को भी जिम्मेदार बताया है। आरोप है कि तालाब का प्राकृतिक जलनिकासी मार्ग प्रभावित होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही और रास्ता लंबे समय से जलमग्न है।
ग्रामीण रणवीर, पान सिंह, विशुन दयाल, राजवीर, हिम्मत सिंह, राजकुमारी, किरन देवी और छोटी देवी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मौके की जांच कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए टीम गठित कर मौके का निरीक्षण कराया जाएगा। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।



