फतेहपुरा बिजली घर का ग्रामीणों ने किया घेराव
12 से 16 घंटे बिजली कटौती का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश रविवार शाम फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण फतेहपुरा बिजली घर पहुंच गए और बिजली आपूर्ति को लेकर विरोध जताते हुए बिजली घर का घेराव कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए बिजली सप्लाई भी बंद करा दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि 24 घंटे में करीब 12 से 16 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। इससे घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाए।
ग्रामीणों ने एसडीओ राजेश कुमार समेत जेई सरोज, प्रमोद, रामप्रकाश और हरे पर भी व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि कटौती के लिए ऊपर से कोई आदेश है तो अधिकारियों को वह आदेश ग्रामीणों को दिखाना चाहिए। आदेश नहीं होने पर मनमाने ढंग से कटौती बंद कर नियमित आपूर्ति की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।



