मोबाइल टावर से आरआरयू और बाइक चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने चोरी के दो उपकरण और स्प्लेंडर प्लस बाइक की बरामद

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मोबाइल टावर से उपकरण और बाइक चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो आरआरयू (रिमोट रेडियो यूनिट) और काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। आरोपियों की पहचान भीम नगर निवासी शिवम कुमार (23) और शांति नगर निवासी कृष ठाकुर (19) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को ताज हाईवे स्थित बहरामपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले विजयनगर क्षेत्र के एक मोबाइल टावर से दोनों आरआरयू चोरी किए थे। इसके अलावा बरामद बाइक करीब चार-पांच महीने पहले बिसरख क्षेत्र में तिगरी गोलचक्कर के पास से चोरी की थी।

चोरी का सामान बेचने की तैयारी में थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी किए गए उपकरणों को बेचने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button