AUS vs SA 3rd Test: करो या मरो के मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया में बड़ा फेरबदल, दो खिलाड़ी अचानक टीम से बाहर

AUS vs SA 3rd Test: दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज का तीसरा और खिताबी मुकाबला केपटाउन में खेला जाना है, लेकिन इससे ठीक पहले कंगारू टीम में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।
इस अहम जंग से पहले ऑस्ट्रेलियाई मैनेजमेंट ने खराब फॉर्म से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज निक मैडिनसन और विकेटकीपर सैम हार्पर को टीम से रिलीज कर दिया है। ये दोनों खिलाड़ी अब शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में अपनी घरेलू टीमों (न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया) के लिए खेलेंगे। मैडिनसन की वापसी बेहद निराशाजनक रही, जहां उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 0, 48, 0 और 8 रन बनाए। उनके बाहर होने के बाद अब ट्रैविस हेड के साथ मैट रेनशॉ पारी का आगाज कर सकते हैं।
दूसरी तरफ, जोश इंग्लिस अब उंगली के फ्रैक्चर से पूरी तरह फिट हैं और एलेक्स कैरी के बैकअप के रूप में उपलब्ध रहेंगे। टीम के लिए इस वक्त सबसे बड़ी टेंशन धाकड़ बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की फिटनेस बनी हुई है, जिन्हें दूसरे टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी। स्मिथ का तीसरे टेस्ट में खेलना उनके अभ्यास सत्र और फिटनेस टेस्ट पास करने पर ही निर्भर करेगा।
स्मिथ की वापसी आसान नहीं
कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने साफ किया है कि स्मिथ की वापसी आसान नहीं है। वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले मार्नस लाबुशेन की फॉर्म पर भी सवाल उठ रहे हैं जो अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पा रहे हैं। हालांकि, मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने उनका बचाव करते हुए क्रीज पर टिकने की उनकी क्षमता की तारीफ की है। बेली ने मैडिनसन के चयन को भी सही ठहराते हुए स्पष्ट किया कि उन्हें रिलीज करने का मतलब उनके टेस्ट करियर का अंत नहीं है, बल्कि आगामी घरेलू सत्र में भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भी उनके नाम पर विचार किया जाएगा।



