प्रदर्शनी में तीन शिक्षक दो छात्र हुए चयनित
राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का परिणाम आया सामने

जसवंतनगर,इटावा। कानपुर नगर के ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज जवाहर नगर में आयोजित हुयी 53 वीं मंडल स्तरीयबाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में निर्णायकों के द्वारा जनपद इटावा के तीन विज्ञान शिक्षकों तथा दो बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तर के लिए कर लिया गया है।
भौतिक विज्ञान प्रवक्ता प्रदीप कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला उदय सिंह जसवंतनगर के कक्षा 8 के छात्र रीतेश का उभरती हुई प्रौद्योगिकी विषय में अग्नि सुरक्षा यंत्र तथा ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज फ्रेंड्स कॉलोनी के कक्षा 12 के छात्र प्रशांत यादव का रोबोट राज्य स्तर के लिए चयनित हुआ है।
विज्ञान शिक्षकों में उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला उदय सिंह की सहायक अध्यापक प्रियंका सिंह का स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय में मल्टी पर्पस हॉस्पिटल बेड तथा एसएस मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सैफई के शिक्षक अर्पित यादव का कचरा प्रबंधन एवं प्लास्टिक के विकल्प विषय पर नवाचारी मॉडल और हिंदू विद्यालय के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता प्रदीप कुमार यादव का हरित ऊर्जा विषय में घनत्व मापी मॉडल राज्य स्तर के लिए चयनित किए गए हैं। इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार ने सभी बच्चों तथा शिक्षकों को शुभकामनाएं दी है।



