गुरु का सम्मान कर शिष्यों ने निभाई परंपरा

भरथना,इटावा। शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरु-शिष्य की पवित्र परंपरा उस समय जीवंत हो उठी,जब एस.ए.बी. इंटर कॉलेज के पूर्व विज्ञान शिक्षक श्री बृजराज सिंह सेंगर के पूर्व छात्रों ने उनके आवास पर पहुंचकर भावपूर्ण सम्मान किया। वर्षों बाद भी अपने गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव लिए पहुंचे शिष्यों ने शिक्षक दिवस को यादगार बना दिया।
गांधी नगर निवासी शिक्षक बृजराज सिंह सेंगर के आवास पर पहुंचे पूर्व छात्रों ने उन्हें माला पहनाई,शाल ओढ़ाकर एवं बैज लगाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही गुरुजी को राधाकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा और आभार व्यक्त किया।
पूर्व छात्रों ने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं होता,बल्कि वह विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। बृजराज सिंह सेंगर ने अपने शिक्षण काल में विज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों को अनुशासन,संस्कार और जीवन के मूल्यों की सीख दी, जिसे उनके शिष्य आज भी याद करते हैं।
इस दौरान पूर्व प्रधानाचार्य बृजेश दीक्षित,प्रवक्ता बीएड जुल्फिकार खां,डा.अर्जुन सिंह,ताहिर खां सहित कई पूर्व छात्र मौजूद रहे। लंबे समय बाद गुरु और शिष्यों की यह आत्मीय मुलाकात भावुक कर देने वाली रही।
गुरु के प्रति सम्मान की यह तस्वीर शिक्षक दिवस पर समाज के लिए भी एक खूबसूरत संदेश छोड़ गई। समय भले गुजर जाए,लेकिन सच्चे गुरु की सीख और उनके प्रति शिष्यों का सम्मान कभी पुराना नहीं होता।



