अग्निपीड़ित को ग्राम प्रधान ने पहुंचाई राहत सामग्री

ऊँचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के पिपरहा गांव में गैस सिलेंडर से लगी आग के कारण जलकर नष्ट हुई गृहस्थी के पीड़ित को ऊंचाहार देहात ग्राम प्रधान धनराज यादव ने स्वयं से खाद्यान्न और वस्त्र भेंट किया है और आगे भी मदद का भरोसा दिया है ।
ज्ञात हो कि दो दिन पहले गांव के भगौती के यहां उनकी पत्नी चमेली खाना बना रही थी , तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई । इससे पहले कि आग पर काबू पाया जाता , आग से उनके घर का खाद्यान्न और कपड़े जलकर राख हो गए । इस घटना के बाद रविवार को ग्राम प्रधान पीड़ित के घर पहुंचे और उसको खाद्यान्न तथा रोज जरूरत का सारा सामान और बिछौना वस्त्र दिया है । ग्राम प्रधान ने पीड़ित को भरोसा दिलाया है कि उसे सरकारी सहायता दिलाने की कोशिश की जाएगी साथ ही निजी तौर पर भी आगे मदद करते रहेंगे ।
————————————-
एक साथ अचानक लापता हुईं दो युवतियां
ऊँचाहार, रायबरेली। दो सहेलियां एक साथ अचानक गांव से लापता हो गई है । एक साथ दो लड़कियों के गायब होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई । आसपास तरह तरह की चर्चाएं है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के पिपरहा गांव का है । गांव की दो लड़कियों में काफी समय से गहरी दोस्ती रही है ।दोनों अवयस्क है। उनकी दोस्ती पूरे गांव में चर्चा का विषय भी रही । बताया जाता है कि दोनों सहेलियां रविवार की प्रातः एकसाथ शौच के लिए निकली थी , फिर वापस नहीं आई । जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की , किंतु उनका कोई सुराग नहीं लगा है ।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों लड़कियां एकसाथ प्रातः पैदल गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग बाई पास की ओर गई है । बाईपास के बाद वह कहां चली गई , यह किसी ने नहीं देखा । घटना की सूचना परिजनों ने कोतवाली में दी । ग्राम प्रधान धनराज यादव ने बताया कि दोनों लड़कियां एकसाथ लापता हुई है । उनकी रिश्तेदारी में भी पता लगाया गया , किंतु कोई सुराग नहीं लग पाया है । उधर कोतवाल ओपी राय का कहना है कि लापता किशोरियों का पता लगाया जा रहा है । इधर गांव में दोनों की दोस्ती और एक साथ लापता होने को लेकर तरह तरह की चर्चाएं है ।



