शेम्फोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल में समर कैंप की धूम, 350 बच्चों ने दिखाया हुनर
स्विमिंग से लेकर रील मेकिंग तक गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

सुलतानपुर। शेम्फोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल में आयोजित 10 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ उत्साह और उमंग के माहौल में हुआ।विद्यालय परिसर बच्चों की प्रतिभा,रचनात्मकता और ऊर्जा से गुलजार नजर आया। करीब 350 बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
समर कैंप में स्विमिंग, क्रिकेट, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, स्केटिंग, रील मेकिंग, कैलीग्राफी, आर्ट एंड क्राफ्ट, म्यूजिक (वोकल एवं इंस्ट्रूमेंटल) और इंग्लिश स्पीकिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने खेल, कला और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।कैंप का मुख्य आकर्षण कॉम्प्लिमेंट्री स्विमिंग फॉर मदर्स कार्यक्रम रहा। इसमें माताओं ने भी बच्चों के साथ स्विमिंग गतिविधि में हिस्सा लेकर आनंद उठाया।
विद्यालय प्रबंधन की इस पहल को अभिभावकों ने सराहनीय बताया।विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ.अजय कुमार तिवारी ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानना, आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, कला, संगीत और संवाद कौशल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। समर कैंप विद्यार्थियों के लिए सीखने, आनंद लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच साबित हो रहा है।



