सिहानी गेट में पुलिस और टप्पेबाजों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल
दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, अवैध तमंचे और लूटे गए कान के टॉप्स बरामद

गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। स्वाट एवं सर्विलांस टीम नगर जोन और थाना सिहानी गेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, रात महिन्द्रा तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि 15 अगस्त से पहले बस अड्डे से एक महिला को ऑटो में बैठाकर बहला-फुसलाकर उसके कानों के कुंडल उतरवाने वाले चार बदमाश लोहियानगर की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लोहियानगर रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस टीम को देखते ही ऑटो सवार चारों बदमाश भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो ऑटो हमदर्द ग्राउंड में फंस गया। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
एसीपी नंदग्राम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा एवं खोखा कारतूस, दो कान के टॉप्स तथा वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बस अड्डे से महिला को ऑटो में बैठाकर टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।



