विद्यालय में छात्रों ने सौ प्रतिशत उपस्थिति कराई दर्ज

छात्रों के साथ माता-पिता और अभिभावक हुए सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। पी.एम. श्री प्राथमिक विद्यालय मलाजनी में मेरा विद्यालय-मेरा गांव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों और अभिभावकों द्वारा संयुक्त रूप से मेरा विद्यालय-मेरा गांव थीम पर रैली निकालकर की गई,जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गांव के अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के दौरान नवंबर और दिसंबर माह में 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों एवं उनके अभिभावकों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा एक के छात्र देवेश पाल ने 25 तक पहाड़े सुनाकर सभी अभिभावकों को नियमित अध्ययन और अभ्यास का संदेश दिया, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राजीव गुप्ता ने की। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन इसी विद्यालय में कराने की अपील की। मुख्य अतिथि जिला समन्वयक,सामुदायिक सहभागिता समग्र शिक्षा मनोज कुमार ने विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

प्रधानाध्यापक विशुन सिंह ने कहा कि विद्यालय में संचालित सभी सरकारी एवं विभागीय योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष विनीता,समिति सदस्य,शिक्षक सर्वेश कुमार यादव,उमेश कुमार शर्मा, नीरज बाबू,बाल वाटिका एजुकेटर खुशबू यादव, समस्त रसोइया,आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार ने किया।

Related Articles

Back to top button