लिंक रोड पर आरसीसी फुटपाथ निर्माण के विरोध में धरना
स्थानीय लोगों ने उठाई मांग—निर्माण से पहले यातायात व्यवस्था का हो समुचित अध्ययन, सेक्टर-23 के कूड़ा घर हटाने की भी मांग

गाजियाबाद। गीतांजलि वेलफेयर एजुकेशन समिति में उन्नति डेवलपमेंट सोसाइटी के तत्वावधान में नगर निगम द्वारा हापुड़ चुंगी से मेरठ रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड पर कराए जा रहे आरसीसी फुटपाथ निर्माण के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया। संस्था के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के रोड मैप पर दोबारा विचार करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह मार्ग पहले से ही अत्यधिक व्यस्त रहता है और आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। मार्ग के आसपास कई सरकारी एवं निजी अस्पताल होने के कारण एंबुलेंस का भी लगातार आवागमन होता है। ऐसे में सड़क के किनारे आरसीसी फुटपाथ बनने से सड़क की चौड़ाई कम होने की आशंका है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने बताया कि मार्ग पर कई स्कूल-कॉलेज भी स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं साइकिल, स्कूटर और मोटरसाइकिल से आते-जाते हैं। सड़क संकरी होने की स्थिति में विद्यार्थियों सहित अन्य वाहन चालकों को परेशानी और दुर्घटना का खतरा बढ़ने की आशंका जताई गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन किसी भी निर्माण से पहले मौके पर यातायात के प्रभाव का अध्ययन किया जाना चाहिए। उनका सुझाव था कि सड़क चौड़ी करने अथवा फुटपाथ निर्माण के लिए उपलब्ध खाली स्थान का उपयोग किया जाए, ताकि मुख्य मार्ग की चौड़ाई प्रभावित न हो।
धरने के दौरान सेक्टर-23 क्षेत्र में एएलटी रोड पर बनाए जा रहे तीन बड़े कूड़ा घरों का मुद्दा भी उठाया गया। संस्था और स्थानीय लोगों ने इन्हें हटाने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्रवासी इस व्यवस्था को लेकर अपनी आपत्ति जता रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा कराकर अस्पतालों, स्कूल-कॉलेजों, यातायात व्यवस्था और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स से प्राप्त धन का उपयोग शहर की मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक विकास कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।



