हाईवे पर डंपर से टकराई स्लीपर बस: दो की मौत
इटावा-कानपुर नेशनल हाईवे पर भीषण बस हादसा

इटावा। इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में इटावा-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार को तड़के साढ़े चार बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगरा से कानपुर की ओर जा रही एसी डबल स्लीपर शताब्दी बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई।
हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही दूसरी बस भी अनियंत्रित होकर खड़ी बस से जा भिड़ी।
दुर्घटना में दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार हादसे में नोएडा निवासी विवेक मिश्रा तथा कानपुर निवासी सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शुभम और शमशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय रेफर किया गया है।
बताया गया है कि दोनों बसों में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



