बीमा पॉलिसी के नाम पर 40 लाख की ठगी, सात गिरफ्तार

गाजियाबाद। बीमा पॉलिसी के नवीनीकरण और प्रीमियम में छूट का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना दीपक खन्ना उर्फ डीजे फरार है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी टाटा एआईजी इंश्योरेंस के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी, गूगल विज्ञापन और फेसबुक पेज बनाकर लोगों को जाल में फंसाते थे। बीमा नवीनीकरण के नाम पर रकम खातों में ट्रांसफर कराने के बाद फर्जी बीमा प्रमाणपत्र भेज देते थे। एनसीआरपी पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर करीब 40 लाख रुपये की ठगी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, दो एटीएम/डेबिट कार्ड, दो चेकबुक, एक पासबुक और तीन हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह बैंक खाते उपलब्ध कराने के लिए पांच प्रतिशत कमीशन देता था। पुलिस फरार सरगना की तलाश करने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक खातों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button