घर से गायब हुआ छः वर्षीय मासूम पुलिस की सक्रियता से परिजनों को मिला वापस

महराजगंज, रायबरेली। शनिवार की शाम एक छः वर्षीय बच्चे के घर से गायब होने की सूचना पर तुरंत हरकत में आई कोतवाली पुलिस व चौकी पुलिस ने देर रात गांव से एक किलोमीटर दूर भटकते हुए बच्चे को ढूंढ लिया । पुलिस ने बच्चे के मिलने पर जहां राहत की सांस ली वहीं परिजनों ने बच्चे की तलाश में जुटी कोतवाली व चौकी पुलिस कर्मियों को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है।
शनिवार की शाम थुलवांसा चौकी प्रभारी राहुल मिश्रा को चौकी क्षेत्र के गोंदहिया मजरे खैरा गांव निवासी नरेश ने उसके छः वर्षीय बेटे सत्य नारायण के घर से गायब होने की सूचना दी।
मासूम बच्चे के गायब होने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी ने सूचना कोतवाल जगदीश यादव को दी और भुक्तभोगी के गांव पहुंचे। इधर कोतवाल जगदीश यादव भी कोतवाली पुलिस के साथ भुक्तभोगी के गांव पहुंचे और उससे पूछताछ के बाद कोतवाली व चौकी पुलिस की कई टीमें बनाकर नरेश की रिश्तेदारी व उसके परिचितों के घरों में बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
देर रात करीब 11 बजे तक सभी जगह तलाश करने के बाद भी बच्चे का कहीं पता नहीं चल सका, जिसके बाद कोतवाल जगदीश यादव व चौकी प्रभारी ने बच्चे के पिता से एक बार फिर पूछताछ की तो पता चला कि नरेश शाम को बच्चे के ननिहाल सेनपुर जन्मदिन में शामिल होने गये थे।
कोतवाल जगदीश यादव ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस टीम को सेनपुर गांव की तरफ पैदल टार्च लेकर तलाश के निर्देश दिए।
तलाश के दौरान बच्चा गोंदहिया व सेनपुर के बीच रास्ते में चौकी प्रभारी राहुल मिश्रा को रोते हुए मिला। चौकी प्रभारी ने बच्चे को सकुशल उसके पिता को सुपुर्द कर दिया। बच्चे के पिता व परिजनों ने कोतवाल जगदीश यादव व चौकी प्रभारी राहुल मिश्रा के साथ साथ बच्चे की तलाश में जुटे पुलिस कर्मियों को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है।



