एक ट्रक में ठुंसीं मिलीं 48 भैंसें: चार गिरफ्तार
पुलिस सतर्कता से उजागर हुई पशु क्रूरता

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र की धरवार चौकी पुलिस ने सोम आवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 48 भैंसों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश राज्य के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया और भैंसों को सुरक्षित अवमुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक में मध्य प्रदेश के चार युवक सिरसागंज की ओर जा रहे थे। जब वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए जसवंतनगर क्षेत्र के जमुनाबाग के समीप पहुंचा, तभी वहां वाहन चेकिंग कर रहे धरवार चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक चरन सिंह ने ट्रक को रुकवाया।
कागजात की जांच के दौरान जब ट्रक खोला गया, तो पुलिसकर्मी भौंचक्के रह गए। ट्रक के भीतर 48 भैंसें जबरदस्ती ठूंसी गई थीं, जिन्हें रस्सियों से कसकर बांधा गया था। कम जगह में ठूंस दिए जाने के कारण सभी भैंसें एक-दूसरे में फंसी हुई थींपुलिस ने मौके से ट्रक सहित चारों आरोपियों—30 वर्षीय बिलाल पुत्र बहीद, 22 वर्षीय इमरान पुत्र भाई मियां, 28 वर्षीय सद्दाम पुत्र नसीम निवासी ग्राम लायरा थाना कुरवाई जिला विदिशा, तथा 28 वर्षीय रिंकू पुत्र हासिम खान निवासी नई बस्ती रिझोनी थाना कैलारस जिला मुरैना को गिरफ्तार कर लिया।
धरवार चौकी इंचार्ज चरन सिंह ने बताया कि पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। सभी भैंसों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर पशु चिकित्सा टीम की निगरानी में रखा गया है।



