संत रविदास मंदिर पहुंची समरसता संकल्प कलश यात्रा

महराजगंज, रायबरेली। संत शिरोमणि रविदास महराज की 650वीं जयंती पर भाजपा द्वारा आयोजित समरसता संकल्प कलश यात्रा रविवार की देर शाम क्षेत्र के बहादुर नगर स्थित रविदास मंदिर पर पहुंची। काशी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र रज से सुशोभित कलश यात्रा का ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया।

जिला स्थित भाजपा कार्यालय से निकाली गई समरसता संकल्प कलश यात्रा भाजपा के मंडल अध्यक्ष मंजेश सिंह के नेतृत्व में बहादुर नगर स्थित संत रविदास मंदिर पर पहुंची। जहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष सिंह व ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया।

संत रविदास पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजेश सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि का जीवन सामाजिक समानता,कर्म की श्रेष्ठता और आंतरिक शुद्धता का आदर्श है। उन्होंने जातिगत व्यवस्था का विरोध करते हुए समतामूलक समाज की स्थापना का संदेश दिया और बताया कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं बल्कि उसके कर्म से होती है।

प्रधान प्रतिनिधि संतोष सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत शिरोमणि का जीवन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का प्रतीक है। उन्होंने समाज को समरसता, समानता और शुद्ध अंत:करण का मार्ग दिखाया।इस दौरान भाजपा मंडल महामंत्री संदीप तिवारी, शक्ति केंद्र संयोजक जय सिंह, बूथ अध्यक्ष हरदासपुर लक्ष्मी शंकर, रामलाल, पूर्व प्रधान जियालाल, हरिकेश, राजकरन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button