किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराकर उनकी समस्याओं का किया जाए समाधान- त्र्यंबक मणि त्रिपाठी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के प्रबंध निदेशक त्र्यंबक मणि त्रिपाठी ने कहा कि निगम के कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण से इस वर्ष 40 करोड़ रुपये से अधिक लाभ की संभावना है।

उन्होंने बताया कि निगम शासन की नीति के अनुसार किसानों का सीधा पंजीकरण कर रहा है और एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) के माध्यम से बीज उत्पादन कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 76 एफपीओ पंजीकृत हो चुके हैं और 100 से अधिक एफपीओ को भारत सरकार व राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त है।

निगम का उद्देश्य है कि किसानों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाएं, जिससे फसल उत्पादन और हाइब्रिड खेती में उन्हें अधिक लाभ मिल सके। त्रिपाठी ने कहा कि बीज निगम किसानों को सीधे पंजीकरण की सुविधा देता है और एफपीओ के माध्यम से बीज उत्पादन की योजनाएं चला रहा है। उन्होंने बताया कि निगम उच्च गुणवत्ता वाले बीजों का उत्पादन कर रहा है, जिससे किसानों को अनाज और हाइब्रिड फसल उत्पादन में बेहतर परिणाम मिलेंगे। बीज उत्पादन और फसल उत्पादन के बीच दरों में अंतर है, जिससे किसानों को अधिक लाभकारी खेती का अवसर मिलेगा।

किसानों को निगम से जुड़ने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों और परियोजना अधिकारियों की देखरेख में बीज उत्पादन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। त्रिपाठी ने किसानों से अपील की कि वे बीज निगम से जुड़ें और गुणवत्तापूर्ण बीजों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य है कि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए और उन्हें लाभकारी खेती की ओर प्रेरित किया जाए।

Related Articles

Back to top button