विजयनगर में 7 अक्टूबर से सजेगा रामलीला महोत्सव, 70 फीट का रावण होगा आकर्षण

गाजियाबाद। विजयनगर में इस बार दशहरा पर्व पर रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ट्रस्ट की ओर से 7 से 22 अक्टूबर तक रामलीला महोत्सव आयोजित होगा। विजयनगर स्थित रामलीला डिफेंस लैंड में होने वाले आयोजन में 70 फीट ऊंचा रावण, 65 फीट का कुंभकरण और 60 फीट का मेघनाथ आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता और महासचिव सतीश शर्मा ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 7 अक्टूबर को गणेश पूजन और भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। 13 अक्टूबर को श्री राम बारात, जबकि 21 अक्टूबर को भगवान राम का राजतिलक और भव्य आतिशबाजी होगी।
उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को शाम पांच बजे से खाटू श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध गायिका अंजली द्विवेदी अपनी पार्टी के साथ भगवान श्याम का गुणगान करेंगी।
कन्या विवाह में मदद करेगी कमेटी
रामलीला महोत्सव के दौरान इस बार सामाजिक पहल भी की जाएगी। श्री राम बारात के दिन एक जरूरतमंद कन्या की शादी के लिए विवाह सामग्री के साथ आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। देव विश्राम के चलते कन्या का प्रतीकात्मक विवाह कराया जाएगा। कमेटी ने महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई है।
प्रेसवार्ता में कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम, देवेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव रवि कौशिक, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी, मनोज नगर और प्रचार मंत्री प्रदीप वर्मा मौजूद रहे।



