जाम-पार्किंग की समस्या का जल्द होगा निदान: थानाध्यक्ष
व्यापरी नेताओं ने नगर में जाम और पार्किंग की समस्या रखी मांग

जसवंतनगर,इटावा। नगर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या और मोहल्ला फक्कड़पुरा सहित अन्य मोहल्लों में सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को लेकर उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधिमंडल के तत्वावधान में एक डेलिगेशन ने थाना सभागार में थानाध्यक्ष कमल भाटी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर में बस स्टैंड से लेकर बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, रेल मंडी, नदी का पुल सहित कई प्रमुख स्थानों पर दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने कटरा पुख्ता, फक्कड़पुरा,सदर बाजार सहित अन्य मोहल्लों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में लोग अपने वाहन सड़कों पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और आपात स्थिति में निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
इस दौरान व्यापार मंडल के विनोद जैन, श्याम किशोर गुप्ता, अनूप वर्मा, मोहम्मद जहीर,मोहम्मद इरशाद, अहमद, रघुवीर सिंह यादव, सोनू यादव,बज्जे वर्मा आदि व्यापारीगण उपस्थित रहे।थानाध्यक्ष कमल भाटी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि शीघ्र ही नगर में अतिक्रमण हटाने और अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए नियमों का पालन सभी को करना होगा।



