लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद अलर्ट मोड पर पुलिस
कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था जांची

जसवंतनगर,इटावा। लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद जसवंतनगर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार देर शाम क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और थाना प्रभारी कमल भाटी ने नगर क्षेत्र के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों से भवनों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी ली। उन्होंने संस्थानों में पर्याप्त निकास मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट), अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन संकेतक, वेंटिलेशन व्यवस्था तथा विद्युत तारों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। कई स्थानों पर संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुधार शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए गए।



