रक्तदान कर पुलिस बनी मसीहा

एनीमिया पीड़ित बालिका की मदद को आगे आई पुलिस

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी एनीमिया से पीड़ित बालिका शिखा की मदद के लिए पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए रक्तदान कर मिसाल पेश की। सोशल मीडिया पर बालिका के लिए रक्त की आवश्यकता संबंधी अपील प्रसारित होने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बालिका के पिता सज्जन कुमार से संपर्क किया।

इसके बाद थाना प्रभारी कमल भाटी,उपनिरीक्षक शुभम वर्मा एवं कांस्टेबल अवनीश कुमार,महिला आरक्षी विनीता शिवहरे, संगम कुमारी सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां पुलिस टीम ने बालिका के उपचार के लिए चार यूनिट रक्तदान किया आवश्यक होने पर और भी उपलब्ध कराने का वायदा किया। पुलिस के इस सहयोगात्मक एवं संवेदनशील रवैये से शिखा के परिजनों को बड़ी राहत मिली।

मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। संकट की घड़ी में मिले सहयोग के लिए बालिका के परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

थाना प्रभारी कमल भाटी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद बेटियों एवं महिलाओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने लोगों से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button